तीनों ब्लॉक क्षेत्रों के बूथों पर सुबह से ही वोटरों की चहलकदमी रही। सिंहपुर ब्लॉक क्षेत्र में मतपेटी प्राइवेट गाड़ी से ले जाने पर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा-बुझाकर एक घंटे बाद जाम खुलवाया।
डीएम जगतराज त्रिपाठी, एसपी हीरालाल के प्रेक्षक व अन्य अधिकारी बूथों का जायजा लेते रहे। बहादुरपुर, तिलोई और सिंहपुर ब्लॉक क्षेत्रों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। सुबह से ही मतदान की रफ्तार तेज रही।
दोपहर बाद तक अधिकतर बूथों पर सन्नाटा पसर गया। मतदान के दौरान कई बूथों पर अव्यवस्था भी दिखी। रोशनी के उचित प्रबंध भी नहीं किए गए। इससे मतदाताओं को जरूर दिक्कतें हुई।
तीनों ब्लॉकों में 69.35 फीसदी वोट पड़े। तीनों ब्लॉक क्षेत्रों में प्रधान पद के 1,228 और ग्राम पंचायत सदस्य के 3,200 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया है। 13 दिसंबर को सभी के भाग्य का पिटारा खुलेगा।