शिवगढ़ क्षेत्र के बैंती गांव में गिरा घर। -संवाद
शिवगढ़। विकास क्षेत्र शिवगढ़ की ग्राम पंचायत बैंती में बारिश के चलते शुक्रवार को एक जर्जर मकान भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय परिवार का कोई सदस्य अंदर मौजूद नहीं था।
ग्राम पंचायत बैंती निवासी बकरीदी दर्जी का मकान शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे गिर गया। बकरीदी ने बताया कि उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। घटना के समय वह बकरियां चराने गए थे, जबकि उनकी पत्नी और बेटियां पड़ोसी के घर गई थीं तथा बेटा भी घर से बाहर था। इस कारण परिवार के सभी सदस्य बच गए।
घर के अंदर रखा खाने-पीने का सामान व अन्य घरेलू सामग्री मलबे में दब गई, जिससे परिवार को काफी नुकसान हुआ है। मकान गिरने के बाद गरीब परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने मजदूरी कर किसी तरह मकान बनवाया था। मकान जर्जर होने के कारण वह कई बार आवास की मांग को लेकर बीडीओ कार्यालय गए, लेकिन उन्हें यह कहकर आवास योजना का लाभ नहीं दिया गया कि उनका मकान पक्का बना हुआ है।
इस संबंध में हलका लेखपाल अभिषेक पटेल ने बताया कि मौके की जांच कर ली गई है और जांच रिपोर्ट तहसील को भेजी जाएगी।