रायबरेली। पंचायती राज विभाग की ओर से जिले की 178 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन शुरू करा दिया गया है। लाइब्रेरी में बच्चों के लिए बाल उपयोगी साहित्य, पर्यावरण, वैज्ञानिक व प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, डिजिटल कंटेंट के साथ फर्नीचर एवं कंप्यूटर व इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई है। गांव के लोग लाइब्रेरी में पहुंचकर अखबार व अन्य पुस्तकें पढ़ रहे हैं।
लाइब्रेरी में लोगाें को अमर उजाला अखबार सबसे ज्यादा पसंद आ रहा है। डीपीआरओ ने लाइब्रेरी में अखबार की व्यवस्था भी कराने के निर्देश पहले ही दिए हैं। डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि गांवों के ज्यादातर बच्चे लाइब्रेरी की सुविधा न होने से तैयारी व आधुनिक शिक्षा की जानकारी से वंचित रहे जाते थे। मजबूरी में कई बच्चे बाजारों में जाकर पढ़ाई करते थे। इसके लिए उन्हें निजी लाइब्रेरी में पैसा भी खर्च करना पड़ता था।
शासन ने गांव के बच्चे भी आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए पहले चरण में जिले की 178 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था कराई। उन्होंने बताया कि किताबों आदि की व्यवस्था कराकर सभी लाइब्रेरी को संचालित करा दिया गया है। इससे मेधावी छात्र-छत्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा का लाभ मिलना शुरू हो गया है। गांव के अन्य लोग भी लाइब्रेरी में पहुंचकर अखबार के साथ ही किताबें पढ़ रहे हैं। लाइब्रेरी में बच्चों के साथ अन्य लोगों के पढ़ने के लिए सामग्री की व्यवस्था कराई गई है।