शिवगढ़ (रायबरेली)। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को संदिग्ध हालात में एक विवाहिता की मौत हो गई। ससुरालीजन फांसी लगाकर आत्महत्या करने तो मायके पक्ष के लोग हत्या करने की बात कह रहे हैं।
दोनों पक्ष के लोग पुलिस के सामने भिड़ गए और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने किसी तरह दोनों तरफ के लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खजुरो गांव निवासी बालमुकंद तिवारी की पत्नी कोमल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सुबह उसका शव घर में फांसी के सहारे लटका मिला। कोमल की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। शव को नीचे उतारा।
इसी दौरान मायके पक्ष के लोग पहुंच गए। उन लोगों ने बेटी की हत्या का आरोप लगाया। मृतका के पिता अजय कुमार बाजपेयी निवासी हिंदू नगर मजरे कुंदनपुर थाना बिहार जिला उन्नाव ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी तीन साल पहले की थी।
उसने आरोप लगाया कि ससुरालीजन एक लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग कर रहे थे। मांग पूरा न होने पर बेटी की हत्या कर दी। उसने मामले की तहरीर थाने में दी है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मृतका की सास शशि, ससुर संजय तिवारी, पति बालमुकुंद, देवर आशीष के विरुद्ध दहेज हत्या में मुकदमा दर्ज कर लिया है।