रायबरेली। जिले में शुक्रवार तक 1,55,571 लोगों में कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। टीकाकरण में ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों का प्रदर्शन सबसे खराब रहा है।
लालगंज और ऊंचाहार सीएचसी में ही 10-10 हजार से अधिक टीके लग पाए हैं। कई सीएचसी का प्रदर्शन तो बहुत खराब रहा। शहरी क्षेत्र ने 30 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाकर लाज बचाई है।
जिला अस्पताल के साथ ही जिले की सभी सीएचसी में लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। अब तक जिले में 1.55 लाख से अधिक लोगों को टीका लग चुका है। हालांकि लक्ष्य से काफी कम लोगों में टीकाकरण हुआ है।
सीएचसी गौरा, नसीराबाद, बेलाभेला, महराजगंज सहित कई अस्पतालों का अब तक टीकाकरण का प्रदर्शन सबसे खराब रहा है। इसी कारण लक्ष्य के सापेक्ष टीके नहीं लग पा रहे हैं।
जिला अस्पताल के बेहतर प्रदर्शन से प्रगति में कुछ सुधार है। सीएचसी अधीक्षकों की लापरवाही के कारण ही शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा नहीं हो रहा है।
पिछले अप्रैल महीने से कोरोना का कहर बढ़ने के बाद तो टीकाकरण बहुत ही धीमा हो गया। खराब प्रगति पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ ने अधीक्षकों को टीकाकरण में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं।
जिले में अब तक टीकाकरण का हाल
क्षेत्र अब तक लगे टीके
शहर 30347
लालगंज 11958
ऊंचाहार 11494
डलमऊ 9564
सलोन 8465
बछरावां 8481
डीह 7536
खीरों 7420
शिवगढ़ 7066
अमावां 6029
हरचंदपुर 6118
जगतपुर 6838
जतुआ-टप्पा 6392
महराजगंज 6267
सरेनी 6885
बेलाभेला 5605
नसीराबाद 4496
गौरा 3656
प्राइवेट 954
कुल 155571
सभी सीएचसी अधीक्षकों को कोरोना टीकाकरण में तेजी लाने के आदेश दिए गए हैं। टीकाकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। खराब प्रगति वाली सीएचसी को खास निर्देश दिए गए हैं।
- डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ