डायल-112 ने पकड़ी 148 पेटी अवैध शराब
लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर गंगागंज के पास पिकअप सवार दो दबोचे
रायबरेली। डायल-112 को गुरुवार रात नकली शराब की तस्करी की सूचना मिली। तुरंत ही पीआरवी 1752 को अपने निर्धारित प्वांइट पर चेकिंग करने के आदेश दिए गए। रात करीब सवा 12 बजे पुलिस ने पिकअप यूपी 72 एटी 2728 को रोककर चेक किया तो उसमें भारी मात्रा में शराब बरामद की गई।
टीम ने 148 पेटी दीवाना ब्रांड शराब के साथ प्रतापगढ़ जिले के दो युवकों को पकड़कर हरचंदपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस सफलता पर पीआरबी टीम को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया है। गुरुवार रात डायल-112 पर शराब की तस्करी किए जाने की जानकारी दी गई। गाड़ी नंबर भी बताया गया। सूचना पर पीआबी 1752 के कमांडर सत्यपाल सिंह, सब कमांडर राजेंद्र और चालक इंद्रबहादुर सिंह को संबंधित वाहन को चेक करके जांच करने के आदेश दिए।
टीम ने अपने प्वाइंट पर गंगागंज में संबंधित वाहन को रोककर चेक किया तो उसे 148 पेटी दीवाना ब्रांड शराब बरामद की। पकड़े गए युवकों में लाल गोपालगंज कुंडा प्रतापगढ़ निवासी इंदल साहू व साहिल शामिल है। दोनों को हरचंदपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। अच्छा काम करने पर पीआरबी की टीम को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया है।