बछरावां (रायबरेली)। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे से बांदा-बहराइच राजमार्ग से जोड़ने के लिए बछरावां कस्बे का खस्ताहाल बाईपास मार्ग की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। क्षेत्रीय विधायक रामनरेश रावत के प्रयास से बजट भी उपलब्ध कराया गया है।
जल्द ही इस बाईपास की मरम्मत कराई जाएगी। इसके बन जाने से लोगों को आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग ने विशेष मरम्मत कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
बछरावां कस्बे में स्थित पानी टंकी के पास निकला बाईपास खस्ताहाल है। बड़े-बड़े गड्ढे होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक किलोमीटर बाईपास खस्ताहाल होने का मुद्दा विधायक रामनरेश रावत शासन स्तर पर उठाया था।
यह मार्ग खस्ताहाल होने के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील सागर, नगर पंचायत चेयरमैन शिवेंद्र सिंह, राम, भूमंडल शुक्ला, चंद्र प्रकाश गुप्ता, सुनील चौधरी ने विधायक के इस सराहनीय कार्य पर खुशी जाहिर की है।
उधर, लोक निर्माण विभाग एक्सईएन दिनेश कुमार कुरील ने बताया कि बाईपास निर्माण के करीब 54 लाख रुपये मिले हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।