शहर के गोरा बाजार स्थित बिजली उपकेंद्र में मंगलवार को बवाल हो गया। बिल जमा करने को लेकर बिजली कर्मियों और उपभोक्ताओं के बीच न सिर्फ कहासुनी हुई, बल्कि मारपीट भी हुई। मारपीट में एसएसओ समेत तीन लोग घायल हुए। इसमें एक उपभोक्ता के सिर पर सरिया मार दी गई, जिससे उसे अधिक चोट आई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी पर आसपास के लोग काफी तादाद में पहुंच गए। इससे दहशत के चलते वहां पर काम कर रहे बिजली कर्मी मौके से भाग खड़े हुए। सूचना पर यूपी डॉयल 100 और सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज पहुंचे। वहीं पावर कॉर्पोरेशन के अफसर मामले को दबाने में जुटे। अभी तक इस मामले में दोनों पक्षोें से किसी नेेे कोतवाली में तहरीर नहीं दी है।
गोराबाजार विद्युत उपकेंद्र के परिसर में ही बिलिंग सेंटर संचालित है। प्रगतिपुरम् निवासी परवेज सुबह तीन-चार लोगों के साथ बिल जमा करने बिलिंग सेंटर गया था। बताते हैं कि सर्वर काम नहीं कर रहा था। इस वजह से बिल जमा नहीं हो पा रहा था। इसको लेकर सेंटर पर तैनात बिजली कर्मी मनीष कुमार से किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
मामला बढ़ने पर उपकेंद्र के एसएसओ ऋषिनाथ गोस्वामी ने बीच-बचाव का प्रयास किया। देखते ही देखते कहासुनी के बाद उपभोक्ताओं और बिजली कर्मियों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान उपभोक्ता परवेज के सिर पर सरिया से हमला कर दिया गया। इससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आई।
मारपीट में सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) ऋषिनाथ, बिजली कर्मी मनीष को भी चोटें आई। जानकारी होने पर यूपी डॉयल 100 पुलिस और सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज विजय नारायण शुक्ला फोर्स के साथ मौैके पर पहुंचकर घटना की जांच की। आसपास के लोगों से घटना के बावत पूछताछ की और घायल परवेज को जिला अस्पताल पहुंचाया।
मारपीट की सूचना पर घायल परवेज की तरफ से अन्य लोग भारी तादाद में पहुंच गए। इससे वहां पर तैनात बिजली कर्मी भाग खड़े हुए। हालांकि बाद में पुलिस के पहुंचने पर बिजली कर्मी पहुंच गए। कोतवाल सुधीर चंद्र पांडेय का कहना है कि बिजली उपकेंद्र पर मारपीट की बात सामने आई है।
तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करके दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। बिलिंग सेंटर में उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच कहासुनी आम बात हो गई है। कभी सरवन न होने तो कभी कर्मचारियों के न रहने से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ता है।
इसकी कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन कोई इसमें कोई सुधार नहीं हुआ। इसी बात को लेकर कभी-कभी मारपीट की नौबत बन जाती है। इसके बावजूद बिलिंग सेंटर पर तैनात कर्मचारियों की मनमानी कम नहीं हो रही है। मंगलवार को हुई घटना को एसडीओ अमित कुमार श्रीवास्तव और एक्सईएन अशोक कुमार टालने में लगे रहे।