रायबरेली। जिले में डेंगू का संक्रमण थम नहीं रहा है। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में पांच नए मरीज मिलने के बाद जिले में डेंगू संक्रमितों संख्या बढ़कर 28 हो गई है। इसके अलावा शहर की एक निजी क्लीनिक से डेंगू के तीन संदिग्ध केस मिलने के बाद पुष्टि के लिए दोबारा जांच कराई जा रही है।
वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित गांवों में पहुंचकर मॉस कांटेक्ट अभियान के साथ ही एंटी लॉर्वा का छिड़काव किया। मरीज के घर के लोगों के साथ ही आसपास के लोगों की जांच की। लोगों को मच्छरों से बचने के टिप्स दिए गए। बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच के लिए स्लाइड बनाई गई।
जिले के चंद्र नगर निवासी शोभा देवी (1), हरचंदपुर निवासी अश्वनी शुक्ला (21), जिला अस्पताल कॉलोनी निवासी ममता राय (37), लोहानीपुर निवासी मयंक (15), धमधमा निवासी राम कुमार (38) जांच में डेंगू संक्रमित मिले हैं।
इसके अलावा निजी क्लीनिक में भी डेंगू के तीन संदिग्ध मरीज मिले हैं। इनमें रफी नगर निवासी प्रांजली सिंह (24), पूरे पांडेय सरेनी निवासी आशीष (18) और सिद्धार्थ विहार शहर निवासी कलावती (53) शामिल हैं। निजी क्लीनिक से रिपोर्ट आने के बाद पुष्टि के लिए तीनों मरीजों की दोबारा जांच कराई जा रही है।
जिला अस्पताल की प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर मॉस कांटेक्ट अभियान के साथ ही एंटी लॉर्वा का छिड़काव किया।
मरीजों के परिवार के लोगों की सेहत भी जांची गई। जांच में सभी लोग स्वस्थ बताए जा रहे हैं। टीमों ने गांव के लोगों को मच्छरों के प्रकोप से बचने की सलाह दी। जिला मलेरिया अधिकारी भीखुल्लाह ने बताया कि डेंगू के सभी मरीज स्वास्थ्य हैं। परिवार के लोग भी स्वस्थ हैं।
बारिश और मौसम में बदलाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। डेंगू के नए केस मिले हैं। सूचना पर गांवों में टीम भेजी गई। सभी मरीजों के साथ ही उनके परिवार के लोग स्वस्थ हैं। संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ने के बाद लोग एहतियात बरतें और मच्छरों से बचने का प्रयास करें।
डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ