रायबरेली। मकान बनाने के नाम पर एक व्यक्ति से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर मजरे रजौली गांव निवासी आशीष कुमार के मुताबिक शहर के ग्रीपशाह अहमदपुर नजूल मोहल्ले में काफी समय पहले प्लॉट खरीदा था। दिवाली के पहले प्लॉट पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया था। चार लोगों ने बीते 22 अक्तूबर को मौके पर पहुंचकर पिलर गिरा दिए। जबरन 50 हजार रुपये वसूल लिए। इसके बाद भी दो लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं।
सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि ग्रीपशाह का पुरवा निवासी प्रशांत सिंह, हिमांशू और दो व्यक्ति नाम पता अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना सिविल लाइन चौकी प्रभारी कपिल सिंह चौहान को सौंपी गई है।