रायबरेली। शहर में बने तीन केंद्रों में बृहस्पतिवार को डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो गईं। तीन दिन तक चलने वाली इस परीक्षा में प्रथम दिवस दो पालियों में इम्तेहान कराया गया। पहली पाली में आठ और दूसरी पाली में सात अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरे व तीसरे दिन तीन-तीन पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। सभी केंद्रों में जिला प्रशासन की ओर से स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे, वहीं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) से नामित पर्यवेक्षकों ने भी निगरानी की।
शहर में राजकीय इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज और वैदिक इंटर काॅलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा में पहले दिन दो पालियों में परीक्षा कराई गई। पहली पाली में सुबह 10 से 12 बजे तक शैक्षिक मूल्यांकन, क्रियात्मक शोध एवं नवाचार प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई, जबकि दूसरी पाली में दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक समावेशी शिक्षा प्रश्नपत्र हल कराया गया।
डायट के परीक्षा प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि पहली पाली में 771 और दूसरी पाली में 774 अभ्यर्थी आवंटित किए गए थे। पहली पाली में 763 एवं दूसरी पाली में 767 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। डायट प्राचार्य दीपिका चतुर्वेदी ने बताया कि डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 26 सितंबर तक चलेंगी। दूसरे और तीसरे दिन तीन-तीन पालियों में परीक्षा कराई जाएगी।