रायबरेली। शहर के दो परीक्षा केंद्रों पर डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की तीन दिवसीय परीक्षाएं बुधवार को समाप्त हो गईं। अंतिम दिन दो पालियों में परीक्षा कराई गई। इस दौरान केंद्रों पर कड़ी निगरानी रही। अब डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 से 17 अक्तूबर तक होंगी। इसके लिए राजकीय इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। चतुर्थ सेमेस्टर के अभ्यर्थियों को तीन दिनों में आठ प्रश्नपत्रों की परीक्षा देनी होगी।
डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के लिए राजकीय इंटर कॉलेज और आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया था। सोमवार से शुरू हुई तीन दिवसीय परीक्षा बुधवार को पूरी हो गई। अंतिम दिन पहली पाली में सुबह 10 से 11 बजे तक छठे प्रश्नपत्र हिंदी और दूसरी पाली में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सातवें प्रश्नपत्र अंग्रेजी की परीक्षा हुई। परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की ओर से स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के पर्यवेक्षकों ने भी निगरानी की।
डायट के परीक्षा प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि अंतिम दिन पहली पाली में 46 अभ्यर्थी आवंटित थे। इनमें से 43 उपस्थित रहे, जबकि तीन अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 261 अभ्यर्थियों में से 256 ने परीक्षा दी और पांच अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 से 17 अक्तूबर तक राजकीय इंटर कॉलेज में होंगी। इसके लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी गई है।