महराजगंज (रायबरेली)। सड़कहा गांव के पास मंगलवार को सड़क पार कर रही हिरनी को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में हिरनी का पेट फट गया। वह दर्द से कराहने लगी। लोगों का मौके पर मजमा लग गया।
राहगीरों ने मोबाइल वेटरनरी की हेल्पलाइन पर फोन कर सूचना दी। डाॅ. अमरेंद्र मौर्य, एमटीपी विमल कुमार व विनोद के नेतृत्व में मोबाइल वेटरनरी टीम मौके पर पहुंची। ऑपरेशन कर पेट में पल रहे बच्चे को बाहर निकाल कर दोनों को बचाया। चिकित्सकों ने बताया कि हिरनी और उसका नवजात बच्चा दोनों स्वस्थ हैं, जिन्हें वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया है।
वन दारोगा बिंदु कुमार ने बताया कि हिरनी और उसके नवजात को स्वयंसेवी वन्यजीव संस्था को सौंपकर देखभाल कराई जा रही है। स्वस्थ होने पर उसे फिर जंगल में छोड़ दिया जाएगा।