रायबरेली में पीड़ित परिवार और ग्रामीणों के साथ भदोखर थाना का घेराव करते सपा के प्रदेश सचिव से ब
रायबरेली। पूरे रघुराज मजरे सरायं दामो गांव निवासी डेकोरेशन संचालक शिवम यादव (25) का शव सोमवार को सई नदी में मिला। वह दो दिन से लापता थे। परिजनों ने शिवम की हत्या कर शव को नदी में फेंकने का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम परिजनों ने भदोखर थाने के सामने शव रखकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ नोकझोंक हुई। सीओ सदर आशीष निगम व थाना प्रभारी राकेशचंद्र आनंद ने मामले में कार्रवाई कराने का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया।
शिवम काफी समय से वैवाहिक कार्यक्रमों में डेकोरेशन का कार्य करते थे। पांच सितंबर को अचानक घर से लापता हो गए थे। खोजबीन के बाद शिवम का कुछ पता नहीं चल पाया था। रविवार को पिता सरोज कुमार की तहरीर पर मामले में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। सुबह आठ बजे कोरचंदामऊ गांव स्थित सई नदी पुल के पास शिवम का शव मिला।
पिता समेत अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि बेटे के शरीर पर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर थाने पहुंचे। इस दौरान हंगामा किया। पिता का आरोप था कि उनके बेटे की हत्या करने के बाद शव को नदी में फेंका गया है। क्षेत्र के ही कुछ लोगों ने बेटे की हत्या की है।
सपा के प्रदेश सचिव शशिकांत शर्मा ने पहुंचकर सीओ सदर से बातचीत की। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिया गया। इस पर रात 7.30 बजे प्रदर्शन शांत हुआ। सीओ सदर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।
दो थानों की पुलिस पहुंची
सई नदी पर डेकोरेशन संचालक का शव मिलने की सूचना पर भदोखर और डीह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। चूंकि बीच में सई नदी पड़ती है। नदी के दोनों तरफ दोनों थानों के सीमा क्षेत्र पड़ते हैं। सीमा विवाद को लेकर कुछ देर बाद पुलिस उलझी रही। बाद में भदोखर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। भदोखर थाना प्रभारी राकेशचंद्र आनंद ने बताया कि डेकोरेशन संचालक की मौत की गहनता से जांच कराई जा रही है। उसके पिता घर पर ही रहते हैं।