डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार जीप व ट्रैक्टर के बीच हुई टक्कर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन सड़क किनारे खड्ड में जाकर पलट गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर व जीप के चालक मौके से भाग निकले। बाइक सवार की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र में रविवार की रात कोटिया चौराहे के पास जीप और ट्रैक्टर में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे खड्ड में जाकर पलट गए। इसी दौरान बाइक सवार जगदीश मौर्य (55) निवासी दुर्गागंज थाना जगतपुर वाहनों की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची गई। ट्रैक्टर-जीप चालक मौके से भाग निकले। कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।