रायबरेली। पुलिस महकमे में रविवार की रात बड़ा फेरबदल हुआ। मिल एरिया-शिवगढ़ थानेदार और यूपी-112 के प्रभारी को उनके पद से हटा दिया गया जबकि अन्य कई निरीक्षक व उपनिरीक्षक को नई जगह तैनाती दे दी गई। पुलिस महकमे में एक सप्ताह से फेरबदल की सुगबुगाहट चल रही थी।
नए फेरबदल में मिल एरिया थानेदार बृजेश राय को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी। पंचायत चुनाव के दौरान भाजपाइयों और बृजेश राय के बीच कहासुनी के बाद विवाद हो गया था। इस पर भाजपाइयों ने थाने पर धरना देकर थानेदार को हटाने की मांग की थी। माना जा रहा है कि इसी वजह से मिल एरिया थानेदार पर गाज गिरी।
हालांकि बृजेश राय अब पुलिस अधीक्षक के पीआरओ बनाए गए हैं। उन्नाव जिले से स्थानांतरित होकर यहां आए निरीक्षक आशुतोष त्रिपाठी को मिल एरिया थाने की जिम्मेदारी दी गई है। आशुतोष उन्नाव के कई थानों में तैनात रह चुके हैं।
शिवगढ़ थानेदार धीरेंद्र यादव को हटाकर उन्हें अब यातायात प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताते हैं कि धीरेंद्र अपराधियों पर नकेल कसने में नाकाम हो गए थे। साथ ही पुलिसिंग व्यवस्था भी बेहतर नहीं थी। उनकी शिकायतें भी एसपी तक पहुंच रही थीं। इसका खामियाजा धीरेंद्र को उठाना पड़ा।
एसपी के पीआरओ रवींद्र सोनकर को शिवगढ़ थाने का चार्ज दिया गया है। इससे पहले रवींद्र गदागंज, नसीराबाद थाने की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। यूपी डॉयल-112 के प्रभारी राकेश सिंह को हटाकर अपराध शाखा में तैनात कर दिया गया। राकेश की शिकायतें एसपी तक पहुंच रहीं थीं। निरीक्षक अमरनाथ यादव को प्रभारी मीडिया सेल के साथ यूपी डॉयल-112 का प्रभारी बनाया गया है।
जहानाबाद चौकी प्रभारी प्रकाश पांडेय को हटाकर जिला अस्पताल चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया। प्रकाश की मनमानी की शिकायतें आए दिन एसपी तक पहुंच रही थीं। सत्ता पक्ष के लोग भी उनसे नाराज चल रहे थे। साइबर सेल-सर्विलांस प्रभारी पवन प्रताप सिंह को जहानाबाद चौकी प्रभारी बनाया गया है।
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दिलीप राय को लालगंज कस्बा चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। एसपी श्लोक कुमार का कहना है कि पुुुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए फेरबदल किया गया।
निरीक्षक राम आशीष उपाध्याय को पुलिस लाइंस से प्रभारी साइबर सेल-सर्विलांस सेल बनाया गया है। इससे पहले राम आशीष डीह, सलोन के अलावा भदोखर थाने की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार दुबे को पुलिस लाइंस से प्रभारी कोविड-19 सेल, निरीक्षक राजकुमार पांडेय को प्रभारी मॉनीटरिंग सेल से प्रभारी डीसीआरबी का अतिरिक्त प्रभारी बनाया गया है।
उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह पुलिस लाइंस से थाना भदोखर, विजय नारायण शुक्ला पुलिस लाइंस से जगतपुर कोतवाली व अजीत प्रताप को पुलिस लाइंस से थाना सरेनी भेजा गया है।