डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को बेकाबू ट्रक ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार मासूम की मौत हो गई और उसके माता-पिता, मामा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से गुस्साए लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। दमकल के जवानों ने आग को बुझाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गूढ़ा की रहने वाली अफसराबानो की मां शफीरुननिशा का बुधवार रात निधन हो गया था। मां की मौत पर उसका भाई शकील उसे लाने के लिए ससुराल गया था। गुरुवार सुबह अफसराबानो, उसका पांच वर्षीय बेटा अरहान और भाई शकील एक बाइक पर सवार होकर डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के घुरवारा गांव आ रहे थे। दूसरी बाइक पर अफसराबानो का पति मो. अनवर और जेठ हफीज थे।
कठगर-कुंडवल मार्ग पर कठगर गांव के पास कोयला लेकर तेरुखा भट्ठे पर जा रहे बेकाबू ट्रक ने एक के बाद एक दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। इससे बाइक के पीछे मां के साथ पीछे बैठा पांच वर्षीय अरहान ट्रक के पहिये की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। वहीं अन्य चारों लोग घायल हो गए। घायलों का न्यू पीएचसी पहुंचाया गया। हादसे से आसपास के लोगों का गुस्सा भड़क गया। सभी ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। चालक मौैके से भाग गया।
सूचना पर पुलिस के साथ फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंची। आक्रोशित सभी लोगों को पुलिस ने किसी तरह शांत कराया और ट्रक में लगी आग बुझाई। हादसे की वजह से काफी देर तक अफरातफरी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। सीओ डलमऊ एसपी उपाध्याय का कहना है कि मृतक के मामा शकील की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
एक तरफ नानी शफीरुननिशा जहां इस दुनिया में नहीं रही, वहीं उसका नाती अरहान की सांसें भी हमेशा के लिए थम गईं। एक साथ दो मौतों से दोनों परिवारों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे अरहान की मौत से मां अफसराबानो के आंसू नहीं थम रहे हैं। अन्य परिवारीजन भी दो मौतों से गमजदा हैं।