रोहनियां। सलोन के गौसापुर गांव में बृहस्पतिवार को संदिग्ध हालत में एक श्रमिक खेत में लगे टयूबवेल के पास बेहोश अवस्था में मिला। सूचना पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां परीक्षण के बाद चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया गया। चिकित्सक ने किसी जहरीला पदार्थ खाने से मौत की आशंका जताई है।
गौसपुर गांव निवासी गोविंद (25) फरीदाबाद में रहकर मजदूरी करते थे। पिता अमरजीत ने बताया कि वह छह माह पहले घर आए थे। इसके बाद से यहीं पर रहकर मजदूरी करने लगे थे। सुबह वह नित्यक्रिया के लिए घर से बाहर गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
वह पूरे बल्दू का पुरवा गांव के बगल अपने ही खेत में टयूबवेल के पास अचेत अवस्था में मिले। परिजन उन्हें लेकर सीएचसी रोहनियां पहुंचे, जहां चिकित्सक ने परीक्षण बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएचसी के डॉ. आशीष यादव ने आशंका जताई है कि युवक की मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है।
गोविंद का विवाह एक साल पहले मीनू देवी के साथ हुआ था। मौत से पत्नी के अलावा मां नीता देवी, भाई गौतम, रवि कुमार, बहन आसमा का रो-रो कर हाल बेहाल है। सलोन कोतवाली प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।