रायबरेली। रायबरेली-ऊंचाहार रेलखंड पर गुरुवार रात लखनऊ से प्रयागराज जा रहे पॉलीटेक्निक छात्र की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। बलिया जिले के सेफना थाना क्षेत्र के उमरी गांव निवासी प्रियांशु (20) पुत्र हरिहर प्रसाद मिर्जापुर में पॉलीटेक्निक का छात्र था। वह कॅालेज द्वारा किसी प्रशिक्षण के लिए लखनऊ गया हुआ था। गुरुवार रात वह गंगा गोमती एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज जा रहा था।
प्रयागराज से उसे अपने घर बलिया जाना था। रात करीब नौ बजे ट्रेन ऊंचाहार स्टेशन पर पहुंची थी। ट्रेन जब ऊंचाहार से रवाना हुई तो प्रियांशु बोगी के गेट पर बैठा था और जैसे ही आउटर सिग्नल के पास पहुंची। अचानक झटके के कारण वह ट्रेन से नीचे गिर गया और वह ट्रैक के अंदर चला गया, जिससे कटकर उसकी मौत हो गई।
छात्र के पास मिले कागजात के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस शव को सीएचसी लाई, उसके बाद छात्र के परिवारीजनों को दूरभाष के द्वारा सूचना दी गई। सूचना पाकर परिवारीजन शुक्रवार सुबह ऊंचाहार पहुंचे। जीआरपी राघवेंद्र यादव का कहना है कि ट्रेन की चपेट में आकर छात्र की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।