रायबरेली। शहर के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए प्रक्रिया चल रही है। अब तक आवेदन न कर पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। महाविद्यालय ने आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई तक बढ़ा दी है। पहले यह तिथि 30 जून तय थी।
फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के लिए बीए की 720 सीटों, बीएससी (गणित) की 180 सीटों, बीएससी (जीव विज्ञान) की 180 सीटों और बीकॉम की 180 सीटों के लिए प्रवेश होने हैं। इसी तरह परास्नातक प्रथम सेमेस्टर के लिए एमए (अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी एवं संस्कृत) में 60-60 सीटों, एमएससी (गणित, भौतिक विज्ञान, जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान) में 20-20 सीटों, एमएससी (रसायन विज्ञान) में 30 सीटों और एमकॉम में 60 स्थानों पर प्रवेश लिए जाने हैं।
सभी कक्षाओं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। महाविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर आवेदन पत्र भरने के बाद उसका प्रिंट आउट सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ काउंटर पर जमा करना होता है। इसके लिए अंतिम तिथि 30 जून तय थी, जिसे 10 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन भरने में कोई दिक्कत आ रही है तो हेल्प डेस्क की मदद ले सकते हैं।
यह हेल्प डेस्क पहले से ही महाविद्यालय में संचालित है, जहां बढ़ती संख्या को देखते हुए तिथि बढ़ाई गई है। जो अभ्यर्थी छूट गए हैं, वे अपने मोबाइल फोन, आधार कार्ड, फोटो, शैक्षणिक अभिलेखों एवं आरक्षण के दावे के प्रमाणपत्र के साथ कॉलेज की हेल्प डेस्क पर प्रवेश फॉर्म भर सकते हैं।