बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शनिवार को घर से निकले एक श्रमिक का शव तालाब में पाया गया। लोगों ने युवक की हत्या करके शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है। लोगों का कहना है कि तालाब में पानी इतना कम था कि उसमें श्रमिक डूब नहीं सकता। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हसनगंज मजरे नीमटीकर गांव निवासी अनूप चतुर्वेदी (32) पुत्र संतोष चतुर्वेदी मजदूरी करता था। दोपहर के बाद घर से बाहर निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। शाम को शात बजे घर से ही लगभग तीन सौ मीटर की दूरी पर रेलवे लाइन के किनारे स्थित तालाब में उसका शव मिला। आसपास के लोगों ने शव को देखकर सूचना घरवालों को दी। घर वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारीजन व ग्रामीणों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।
अनूप मजदूरी करके अपने पूरे परिवार का पालन पोषण करता था। उसकी पत्नी रेनू व बच्ची लक्ष्मी, गुड़िया व बेटे अनमोल का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीण आशंका जता रहे हैं कि तालाब में इतना पानी नहीं है कि अनूप की उसमें डूबकर मौत हो जाए, लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया है कि तालाब में शव पाए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।