हरचंदपुर। क्षेत्र के बराइन मजरे हिलालगंज गांव में एक माह से लापता श्रमिक छोटे लाल पासी (55) की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार बेटी के प्रेमी से मोबाइल पर बात करने का विरोध करने पर पत्नी केशकली और बेटी छाया ने मिलकर छोटे लाल की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर से कुछ दूरी पर नहर पटरी के किनारे दफना दिया। पुलिस ने मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया है। बेटी के प्रेमी को भी हिरासत में लेकर उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
गांव निवासी छोटे लाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। करीब एक माह पहले उनके लापता होने की सूचना बेटे सतीश ने पुलिस को दी थी। सतीश मुंबई में बेकरी में काम करता था। पिता के लापता होने की जानकारी पर वह घर आया और तलाश के बाद पुलिस से शिकायत की। बाद में उसने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को जानकारी दी।
बृहस्पतिवार शाम पुलिस ने छोटे लाल की पत्नी और बेटी से थाने में पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर देर रात फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में नहर पटरी के पास खोदाई कर छोटे लाल का कंकाल बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक छाया अपने प्रेमी से मोबाइल पर बात करती थी, जिसका छोटे लाल विरोध करते थे। 17 जुलाई की रात इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था। विवाद के बाद छोटे लाल सो गए। आरोप है कि इसके बाद केशकली और छाया ने मिलकर उनकी गला दबाकर हत्या कर दी।
कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एएसपी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि पत्नी और बेटी ने मिलकर छोटे लाल की हत्या की है। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रेमी युवक से पूछताछ कर उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
छोटे लाल पासी