रायबरेली जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीज से सेहत के बारे में जानकारी लेती डीएम नेहा शर्मा व ?
- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली। बाजार से दवाएं लिखने सहित कई शिकायतें मिलने के बाद शुक्रवार को डीएम नेहा शर्मा ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। बच्चा वार्ड में अव्यवस्था देखकर डीएम नाराज हुईं और नवजात व अन्य बीमार बच्चों को अलग-अलग भर्ती करने के आदेश दिए। उन्होंने वार्डों में पहुंचकर रोगियों से पूछा कि डॉक्टर बाजार से खरीदने के लिए तो दवाएं नहीं लिख रहे हैं।
उन्होंने सीएमएस को रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के आदेश दिए। जिला अस्पताल पहुंचते ही डीएम नेहा शर्मा सबसे पहले पर्चा काउंटर पर पहुंची और रोगियों से पर्चे के रेट के बारे में जानकारी ली। इसके बाद महिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में पहुंची। यहां नवजात व अन्य बीमार बच्चों को आसपास भर्ती कराया गया था। इस पर नाराजगी जताते हुए नवजातों को अलग भर्ती करने के निर्देश दिए।
ओपीडी परिसर में मिली महिला रोगियों से बात की और बाजार से दवाएं लिखे जाने के संबंध में जानकारी ली। बाद में पुरुष अस्पताल के वार्डों में पहुंचकर डीएम रोगियों का हालचाल जाना। रोगियों से बाजार से दवाओं के बारे में जानकारी ली। डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि निरीक्षण में कुछ खामियां मिली हैं। सीएमएस सीएमएस डॉ. एनके श्रीवास्तव व सीएमएस डॉ. रेनू वर्मा को व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं।