लखनऊ-प्रयागराज हाईवे स्थित एक दुकान में क्यूआर कोड युक्त ग्राहक संतुष्टि फीडबैक के स्टीकर लगाती
रायबरेली। कावड़ यात्रा के दौरान रूटों पर खाद्य सुरक्षा के मानकों की जांच शुरू हो गई है। शनिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अभियान चलाकर बछरावां, हरचंदपुर, झकरासी, जगतपुर, ऊंचाहार, सलोन आदि बाजारों में कार्रवाई की। करीब 510 दुकानों, ढाबों, होटलों में क्यूआर कोड युक्त ग्राहक संतुष्टि फीडबैक के स्टीकर लगाया।
कावड़ यात्रा के दौरान खान-पान में मिलावट व अन्य धोखाधड़ी को रोकने के लिए इस बार विशेष प्लान तैयार किया गया है। इस स्टीकर पर दुकानदार का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर और हेल्पलाइन नंबर दर्ज होगा। सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिकचंद्र सिंह ने बताया कि कावड़ यात्रा के रूटों पर संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों को दुरुस्त कराया जा रहा है। लारपरवाही बरतने वाले प्रतिष्ठानों के संचालकों पर कार्रवाई होगी।
कावड़ मार्ग पर कई दुकानों के नाम हिंदू देवी-देवताओं या सनातन धर्म से जुड़े होते हैं, लेकिन मालिक या कारीगर अन्य समुदाय के होने से विवाद की स्थिति बन जाती है। ऐसे में कावड़ यात्रियों के साथ धार्मिक भावनाओं के नाम पर धोखाधड़ी रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। एप से ग्राहक दुकानदार की पहचान और विश्वसनीयता की जांच कर सकेंगे।
हेल्पलाइन नंबर पर कर सकेंगे शिकायत
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय प्रताप सिंह का कहना है कि फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। मोबाइल में क्यूआर कोड स्कैन करने पर ग्राहक संतुष्टि एप खुलेगा, जहां रजिस्ट्रेशन नंबर डालने पर दुकानदार की पूरी जानकारी दिखेगी। शिकायत के लिए स्टीकर पर हेल्पलाइन नंबर 18001805535 उपलब्ध है। कॉल आते ही समाधान होगा।