रायबरेली। उन्नाव-लालगंज-ऊंचाहार रेल खंड को बिजली आपूर्ति जिले के सरेनी ब्लॉक क्षेत्र में स्थित मल्केगांव ट्रांसमिशन से होगी। इसके लिए ट्रांसमिशन के अभियंताओं ने 18 किलोमीटर बिजली की लाइन का निर्माण करवाने के साथ ही शुक्रवार को उसे ऊर्जीकृत कर दिया।
इस रेलखंड पर अभी तक उन्नाव जिले से बिजली मिल रही थी। अब रायबरेली से भी इस रेल खंड को बिजली मिलेगी। यदि भविष्य में लाइन में कोई खराबी आई तो ट्रेनों के संचालन में इसका प्रभाव नहीं पड़ेगा।
जिले से होकर निकले उन्नाव-लालगंज-ऊंचाहार रेल खंड में इलेक्ट्रिक इंजनों का संचालन हो रहा है। अभी तक इस रेलखंड को बिजली उन्नाव से मिल रही थी।
रेल खंड को अब 132 केवी लाइन सरेनी क्षेत्र के मल्केगांव के ट्रांसमिशन से भी जोड़ा गया है। इसके लिए 11 करोड़ रुपये की लागत से 18 किलोमीटर लंबी लाइन का निर्माण कराया गया है, जो रघुराजपुर रेलवे स्टेशन के पास जोड़ी गई है। लाइन का निर्माण पूरा होने के बाद लाइन को ऊर्जीकृत कर दिया गया है।
अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन अखिलेश कुमार ने बताया कि 11 करोड़ रुपये की लागन से लाइन का निर्माण कराया गया है। सकुशल चार्ज कर दिया गया है। उक्त रेलखंड को अब उन्नाव के अलावा जिले के मल्केगांव स्थित ट्रांसमिशन से भी बिजली मिलेगी।