नाली पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त। संवाद
बछरावां। लखनऊ-रायबरेली रेलखंड के प्रमुख स्टेशन बछरावां की बदहाली उजागर होने लगी। यहां अमृत भारत योजना के तहत करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य कराया गया है। अभी उद्घाटन भी नहीं हुआ कि स्टेशन के मुख्य द्वार पर बनी पुलिया टूट गई। यानी कि स्टेशन के भीतर प्रवेश करते ही समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा है।
भारत सरकार की अमृत भारत योजना के तहत जुलाई 2023 में बछरावां रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य शुरू हुआ था। करीब दो महीने पहले सभी कार्य पूर्ण कराए जा चुके हैं, लेकिन अभी उद्घाटन की तिथि तय होने का इंतजार किया जा रहा है। काम पूरा कराने के बाद स्टेशन परिसर को चमकता हुआ दिखाया गया, लेकिन उद्घाटन से पहले कई खामियां सामने आने लगी हैं।
लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग से बछरावां रेलवे स्टेशन पर प्रवेश करने वाले रास्ते की पुलिया टूट चुकी है। यह पुलिया मुख्य द्वार के पास बनी है। इसके पहले भी पुलिया क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसकी मरम्मत कराई गई। कार्य की गुणवत्ता इतनी खराब है कि पुलिया फिर टूट गई। नए स्टेशन भवन की छत से बारिश का पानी टपकने की समस्या भी रहती है। सुविधाओं का ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बछरावां निवासी रामदयाल, सूरज शुक्ला, राजू और ज्ञान प्रकाश का कहना है कि आठ करोड़ रुपये खर्च किए गए। देखने में स्टेशन चमक रहा है, लेकिन काम की गुणवत्ता अच्छी नहीं है। इससे याात्रियों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार बाजपेयी का कहना है कि जो भी समस्याएं हैं, उनके बारे में अधिकारियों को बताया है। क्षतिग्रस्त पुलिया ठीक कराई जाएगी।