जिले की नोडल अधिकारी व संस्कृति विभाग की सचिव अनीता मेश्राम ने शनिवार को बचत भवन में विकास कार्यों की समीक्षा की। मनरेगा का धन छह महीने से दबाए बैठने पर सिंचाई विभाग के एक्सईएन को कड़ी चेतावनी दी।
तत्काल काम शुरू कराने के आदेश दिए। कन्या विद्या धन का वितरण न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल वितरण के आदेश दिए।
बैठक में सचिव ने लोहिया आवास, इंदिरा आवास, कर-करेत्तर, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, जल निगम, नलकूप, विद्युत, शिक्षा, स्वच्छता मिशन, कन्या विद्या धन समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि लोहिया गांव में कोई भी पेंशन से वंचित न रहे। इसका प्रमाणपत्र अधिकारी दें। कन्या विद्या धन के वितरण में विलंब होने पर नाराजगी जताई।
सिंचाई विभाग द्वारा मनरेगा का धन आए छह महीने बाद भी खर्च न करने पर नाराजगी जताई। एक्सईएन को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के आदेश दिए।
लोक निर्माण विभाग के कार्य भी अधूरे मिलने पर उन्हें पूरे कराने के आदेश दिए। बैठक में डीएम सूर्य पाल गंगवार, सीडीओ अनूप कुमार, एएसपी राममूरत यादव, पीडी इंद्रसेन सिंह, डीपीआरओ संजय यादव आदि मौजूद रहे।
संस्कृति विभाग की सचिव अनीता मेश्राम ने हरचंदपुर स्थित सीएचसी का निरीक्षण किया। यहां चिकित्सक द्वारा बाजार से खरीदने के लिए दवा लिखने की शिकायत मिली।
कई शिकायतें मिलने पर सीएमओ को जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए। अस्पताल में गंदगी का अंबार मिला। डीएम सूर्यपाल गंगवार ने सभी एसडीएम की अध्यक्षता में टीमें गठित करके सीएचसी पीएचसी व दवा की दुकानों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
बाजार से दवा खिलने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने शुक्रवार रात हरचंदपुर के लोहिया गांव हिडइन में रात्रि विश्राम किया।
लोगों की समस्याओं को सुना और शासन की योजनाओं के बारे में बताया। गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी ने प्रसाधन कक्ष बनवाने के लिए नौ-नौ सौ रुपये लिए हैं, लेकिन अब तक प्रसाधन कक्ष नहीं बनवाए।
सचिव ने डीएम को मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित करने की चेतावनी दी गई है।