रायबरेली। बीती 12 सितंबर को प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मरीजों को रात में भी सीटी स्कैन की सुविधा देने के आदेश दिए थे। उन्होंने रोगी कल्याण समिति के बजट से टेक्नीशियन की व्यवस्था करने के लिए कहा था। आदेश के बाद भी अब तक रात में जांच शुरू नहीं की गई।
प्रमुख सचिव के निरीक्षण के दौरान संज्ञान में आया था कि जिला अस्पताल में कुछ घंटे ही सीटी स्कैन जांच हाेती है। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को बाजार से यह जांच कराने के लिए भेजा जाता है। इसके एवज में प्रति जांच करीब 1500 रुपये कमीशन मिल रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रमुख सचिव ने सीएमएस को रोगी कल्याण समिति के बजट से टेक्नीशियन की व्यवस्था कराकर रात में भी सीटी स्कैन जांच की सुविधा मरीजों को दिलाने के आदेश दिए थे।
इसके बाद भी अब तक यह जांच रात में शुरू नहीं कराई गई। सीएमओ डॉ. नवीनचंद्रा का कहना है कि रात में सीटी स्कैन की जांच की व्यवस्था सीएमएस को करानी है। टेक्नीशियन की व्यवस्था भी उन्हीं को करनी है।
दिशा की बैठक में उठा था मुद्दा
बचत भवन में सांसद राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई दिशा की बैठक में जिला अस्पताल में रात में भी सीटी स्कैन की सुविधा मुहैया कराने का मामला उठाया गया था। नामित सदस्य गौरव अवस्थी ने सीटी स्कैन का मामला उठाया तो राहुल गांधी ने कहा कि 24 घंटे सीटी स्कैन जांच की सुविधा देने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। इसी के बाद प्रमुख सचिव ने जिला अस्पताल पहुंचकर रात में भी जांच की सुविधा मुहैया कराने के आदेश दिए थे, लेकिन जिला अस्पताल मरीजों को यह सुविधा देने में नाकाम साबित हो रहा है।