लालगंज (रायबरेली)। मंडी परिसर स्थित खाद्य एवं विपणन विभाग के गेहूं क्रय केंद्र के अलावा क्षेत्र के पीसीएफ से संबद्ध अन्य केंद गेहूं खरीद के लिए एक अप्रैल से खोल दिए गये हैं लेकिन केंद्रों में अभी तक बोहनी तक नहीं हो सकी है। केंद्र प्रभारियों ने बताया कि किसान जानकारी लेने के लिए आ रहे हैं।
300 से अधिक जागरूक किसान समय रहते अपना पंजीकरण भी करा चुके हैं। खरीद को लेकर केंद्रों में सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गईं है। विभाग की ओर से तौल यंत्रों सहित ई-पॉस मशीन आदि की जांच की जा चुकी है।
उधर, कुछ किसानों का मानना है कि वर्तमान में सरकार की ओर से निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य 2015 रुपये है। जबकि बाजार में खुदरा भाव 2200 से 2300 तक चल रहा है।
किसानों ने बताया कि एक माह से पहले तो गेहूं का रेट लगभग 2300 रुपये प्रति क्विंटल तक था। खाद्य एवं विपणन विभाग के प्रभारी सूर्यभान सिंह ने बताया कि सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली 300 से अधिक किसानों ने पंजीकरण भी करा लिया है लेकिन अभी कोई किसान अपनी गेहूं की उपज लेकर बेचने के लिए नहीं आया है।