विद्युत उपकेंद्र कलुवा खेड़ा का घेराव करने के बाद धरना प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : विद्युत उपकेंद्र कलुवा खेड़ा का घेराव करने के बाद धरना प्रदर्शन करते किसान।
खीरों। शिवपुरी गांव के पास बृहस्पतिवार को शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल में आग लग गई। यह घटना जर्जर और ढीले तारों की वजह से हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया। ग्रामीणों का आक्रोश देख कर्मचारियों ने गेट बंद कर लिया। इस पर ग्रामीण गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। पावर कॉर्पोरेशन के अभियंताओं के खिलाफ नारेबाजी की।
विद्युत उपकेंद्र कलुवाखेड़ा से निकले फीडरों के तार काफी ढीले हैं। इससे जहां आए दिन बिजली गुल होती, वहीं गर्मी में शॉर्ट सर्किट से आग की घटनाएं होती हैं। सुबह करीब नौ बजे शिवपुरी गांव के पास शॉर्टसर्किट से आग लग गई। इससे दुर्गेश, मुकेश, राजेश, राकेश का एक बीघा गेहूं जल गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
ग्रामीण अशोक सिंह, महेंद्र सिंह, संतोष सिंह, ननकई ने बताया कि इसके पहले इसी जगह पर कई बार आग लग चुकी है। तारों को कसवाने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। घेराव और धरना प्रदर्शन के चलते करीब नौ बजे से 12 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अवर अभियंता को बुलाकर वार्ता कराई। अवर अभियंता वीरेंद्र सिंह ने समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया। इस पर किसान शांत हुए।