रायबरेली में महिला की हत्या के मामले में युवक से पूछताछ करते एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र बछरावां में एक महिला की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। शनिवार सुबह उसका शव अर्द्धनग्न अवस्था में पाया गया। इससे दुराचार के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। गले पर चोट के निशान पाए गए हैं।
दाहिने हाथ में रंगा नाम लिखा था। एसपी ने मौके पर पहुंच पूछताछ की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बछरावां थाना क्षेत्र के सुदौली-मौरावां मार्ग पर भंवरेश्वर मंदिर के निकट झाड़ियों में करीब 30 वर्षीय एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शव के शिनाख्त के लिए आसपास के ग्रामीणों को बुलाया गया, लेकिन मृतका की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस की पड़ताल में महिला के गले पर रस्सी के निशान पाये गए। अर्द्धनग्न की अवस्था में पड़े शव को देखकर आशंका जताई जा रही है कि दुराचार के बाद बेरहमी से हत्या कर शव को रात में झाड़ियों में फेंक दिया गया।
बछरावां थानेदार विमल सिंह के मुताबिक मृतका के दाहिने हाथ में रंगा नाम लिखा है। यह नाम सही है कि नहीं, इसकी जांच कराई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द मर्डर का खुलासा होना चाहिए। पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे तो ऐसी वारदातों पर अंकुश लग सकता है।
वारदात की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसपी विनय यादव ने मर्डर के हर क्लू पर गहनता से पड़ताल की। एसपी का कहना है कि मामला गंभीर है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला के साथ दुराचार हुआ है कि नहीं, यह साफ हो जाएगा। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
एसपी विय यादव का कहना है कि महिला की हत्या का मामला पेचीदा है। यही वजह है कि महिला के शव की शिनाख्त के लिए तीन जिलों की पुलिस टीमें लगाई गई हैं। बछरावां थाने के अलावा उन्नाव जिले की मौरावां, लखनऊ जिले की निगोहा थाने की पुलिस टीम को शव की पहचान में लगाया गया है। शव की पहचान होने पर ही मामले की गुत्थी सुलझ पाएगी।