सलोन कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर शाम वैन सवार हमलावरों ने चाचा-भतीजे को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। रंजिश के चलते दोनों पर उस समय हमला किया गया, जब दोनों सलोन से घर जा रहे थे।
पुलिस ने मामले की जांच की। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। डीह थाना क्षेत्र के पूरब नायन निवासी रामअक्षयवर (55) अपने भतीजे दीपू शुक्ला (34) के साथ बाइक से देर शाम सलोन से घर जा रहा था। बिजवलिया तिराहा के समीप उसी गांव के अर्जुन सिंह, मुन्ना तिवारी समेत चार लोगों ने वैन से ओवर टेक करके उनको रोक लिया।
हमलावरों ने दोनों पर जानलेवा हमला बोल चाचा-भतीजे को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। इससे पहले आसपास के लोग पहुंचते, हमलावर वैन पर सवार होकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को सलोन सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाल कुलदीप तिवारी का कहना है कि घायल राम अक्षयवर के बेटे संदीप शुक्ला की तहरीर पर हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई होगी।