हरचंदपुर कस्बा के रघुवीरगंज बाजार में गुरुवार को सफाई करने के बहाने उचक्कों ने ढाई लाख के जेवरात पार कर दिए। महिलाओं को पानी लाने के लिए घर के अंदर भेजा और खुद जेवर लेकर फरार हो गए।
हालांकि लोगों ने इधर-उधर उच्चकों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
रघुवीरगंज निवासी कमरुद्दीन कस्बे में इलेक्ट्रिक वेल्डिंग का काम करता है। गुरुवार को उसके घर पर केवल महिलाएं थी। दोपहर को तीन युवकों ने मोहल्ले के कई घरों में जेवरों की सफाई की।
इस पर कमरुद्दीन के घर की महिलाओं को उन पर विश्वास हो गया तो उन्होंने युवकों को अपने घर बुला लिया और करीब ढाई लाख के जेवर उन्हें सफाई करने के लिए दे दिए।
इसी बीच युवकों ने महिलाओं को पानी गर्म करके लाने के लिए भेज दिया। महिलाओं के अंदर जाते ही युवक जेवर लेकर भाग निकले। महिलाएं पानी गर्म करके लाई तो वहां न युवक थे और न ही जेवर।
यह देख उनके होश उड़ गए। इसकी सूचना पुलिस को दी। एसओ राम औतार ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर जांच की जाएगी।