जिले के अमावां और अमेठी जिले के तिलोई ब्लॉक क्षेत्र में विजिलेंस टीम ने कई घरों और कारखानों में छापा मारा। इस दौरान एक आटा चक्की, एक मकान और एक सीमेंट की ईंट बनाने वाली फैक्ट्री में बिजली चोरी पकड़ी गई।
दो लोगों के खिलाफ मोहनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, वहीं एक फैक्ट्री से 1.60 लाख रुपये जुर्माना वसूलकर छोड़ दिया गया। लखनऊ से आए प्रवर्तन दल (विजिलेंस टीम) ने तिलोई ब्लॉक के बगहा मजरे समरहदा गांव में कनेक्शनों की जांच की।
गांव निवासी गिरिराज सिंह की आटा चक्की में कटिया लगी मिली। वहीं विशाल सिंह के मकान में भी बिजली चोरी पकड़ी गई। जेई पंकज श्रीवास्तव ने बताया गिरिराज सिंह और विशाल सिंह के खिलाफ मोहनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जेई ने बताया कि अमावां ब्लॉक के घुराडीह गांव स्थित एक सीमेंट की ईंट बनाने वाली फैक्ट्री में भी बिजली की चोरी पकड़ी गई। इस पर फैक्ट्री मालिक से 1.60 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।