झमाझम बारिश के बीच सेना भर्ती से लौट रहे अभ्यर्थियों ने शनिवार को प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर जमकर उत्पात मचाया। अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल पर कब्जा कर लिया। अभ्यर्थी रेलवे पटरी पर खड़े होकर हुल्लड़बाजी करने से भी बाज नहीं आए। इससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
तिरसुुंडी रामगंज में इन दिनों सेना भर्ती चल रही है। वहां से लौटे सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी दोपहर में रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। इसी बीच हावड़ा जा रही पंजाब मेल स्टेशन पर आ गई। अभ्यर्थी हंगामा करते हुए ट्रेन में घुसने लगे। यात्रियों के मना करने पर वे मारपीट पर उतारू हो गए। स्लीपर कोच में चढ़कर हंगामा करने लगे। उनकी हरकतें देखकर यात्रियों ने चुप रहने में ही भलाई समझी। इसके पहले अभ्यर्थियों की भीड़ रेलवे लाइन के बीच आ गई। प्लेटफार्म पर आने से पहले नीलांचल एक्सप्रेस को रोकने की कोशिश की गई। पंजाब मेल और नीलांचल एक्सप्रेस से भीड़ जाने के बाद ही स्टेशन पर माहौल शांत हुआ। हंगामे के बीच स्टेशन के जिम्मेदार अधिकारी मौके से गायब रहे।