अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार रात किशोरी से छेड़छाड़ करने में पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया।
क्षेत्र की रहने वाली एक 17 वर्षीय किशोरी गुरुवार रात में नित्यक्रिया के लिए खेतों की तरफ गई थी। इसी दौरान गांव के ही तीन युवकों ने उसे रोक लिया। युवक उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। किसी तरह किशोरी भागकर गांव पहुंची। आरोपी भी उसके पीछे गांव पहुंच गए। किशोरी की चीखपुकार पर ग्रामीणों ने छेड़छाड़ करने वाले युवकों को घेर लिया।
एक युवक तो ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया, जिसकी लोगों ने जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया था, जबकि उसके दोनों साथी फरार हो गए। किशोरी की मां ने आरोपी जुम्मन उर्फ सानू व उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। एसओ रतन सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज करके पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।