ऊंचाहार थाना क्षेत्र की एक युवती की मध्य प्रदेश के रीवां जिले में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के चार माह बाद मध्य प्रदेश की पुलिस सोमवार को यहां पहुंची तो वारदात की जानकारी हुई। यहां पुलिस वारदात की पड़ताल कर रही है। इस मर्डर में मृतका के करीबियों का हाथ होना बताया जा रहा है।
सोमवार को मध्य प्रदेश के रीवां जिले के सोहागी थाना इंचार्ज दीपक पारासर पुलिस बल के साथ ऊंचाहार थाने पहुंचे। सोहागी थाना इंचार्ज ने बताया कि मृतक लड़की का नाम गरिमा सिंह उर्फ जूली सिंह (20) पुत्री राजू सिंह चौहान है।
जो ऊंचाहार थाना क्षेत्र के जमुनापुर चौराहा में अपने नाना राम अधार सिंह के घर रहती थी। 9 मई की रात सोहागी थाना क्षेत्र के कांकर घाट नैना नदी के पुल पर उसकी गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। उसको तीन गोली मारी गई थी।
पुलिस के अनुसार उसका सगा रिश्तेदार उसे किसी शादी समारोह के बहाने ले गया था। इसी दौरान उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के समय मृतका की पहचान नहीं हो पाई थी। काफी खोजबीन के बाद मृतका की पहचान हो सकी है।
थानेदार जीडी शुक्ला का कहान है कि मध्य प्रदेश की पुलिस मर्डर की जांच के लिए यहां आई है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नही है। करीबियों पर हत्या करने का शक जताया जा रहा है। वहीं जूली की हत्या की खबर से क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
कोई प्रेम प्रसंग तो कोई धन हड़पने के लोभ में हत्या किए जाने की बात कह रहा है। बताते है कि कई वर्ष पूर्व उसके पिता राजू सिंह की भी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पिता की हत्या के बाद से ही जूली, उसकी मां व एक बहन अपने नाना के घर पर ही रह रहे थे।