ऊंचाहार थाना क्षेत्र में करीब पांच माह पहले हुए किसान हत्याकांड का गुरुवार को पुलिस ने पर्दाफाश किया। बेटे ने ही सुपारी देकर किसान की हत्या कराई थी।
पुलिस ने बेटे समेत पांच हत्या आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त गाड़ी भी पुलिस ने बरामद की है। एसपी मोहित गुप्ता ने पुलिस दफ्तर में हत्याकांड के खुलासे की जानकारी दी।
बताया कि ऊंचाहार एसओ जीडी शुक्ला ने टीम के साथ बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर हत्या आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसमें छोटे सिंह उर्फ संदीप सिंह, विजय सिंह, छोटू सिंह उर्फ विनायक सिंह, अशोक कुमार निवासी छिनौरा मजरे कोराली थाना नवाबगंज जिला प्रतापगढ़ और मृतक का बेटा उमेश निवासी ऊंचाहार शामिल हैं।
एसपी के मुताबिक, चंद्रभान सिंह निवासी छिनौरा मजरे कोराली और कलक्टर उर्फ अनिल कुमार शुक्ला निवासी रामपुर गड़ौली थाना मानिकपुर जिला प्रतापगढ़ फरार है, जिनकी तलाश जारी है।
एसपी ने बताया कि करीब पांच महीने ऊंचाहार गांव के भगौती उर्फ धुन्नर (60) की हत्या कर दी गई थी। पकड़ा गया मृतक का बेटा उमेश पांच लाख रुपये कीमत के यूकेलिप्टस के पेड़ बेच रहा था।
इसका भगौती विरोध कर रहा था। इसी वजह से बेटे ने शातिर अपराधी छोटे सिंह को पिता की हत्या के लिए सुपारी दी। कहा कि पेड़ बेचने के बाद वह उसके काम का रुपये दे देगा।
इस पर छोटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन, दो तमंचा और एक चाभी का गुच्छा मिला है। इस कामयाबी पर एसपी ने एसओ को पांच हजार रुपये का नकद ईनाम दिया।