खीरों थाना क्षेत्र के मथुराखेड़ा मजरे खीरों में दुकान की चाभी न देने पर एक वृद्ध को रविवार रात अज्ञात बदमाशों ने कुल्हाड़ी से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार पर ग्रामीणों को आता देखकर बदमाश मौके से भाग खड़े हुये।
ग्रामीणों ने घायल वृद्ध को सीएचसी खीरों पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने क्षेत्र में खोजबीन की, लेकिन बदमाशों का पता नहीं लग सका। मथुराखेड़ा निवासी अच्छेलाल पाल का पुत्र जय प्रकाश पाल खीरों-निहस्था मार्ग पर तालेश्वर शिव मंदिर परिसर में चाय की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता है।
जय प्रकाश पाल का पिता अच्छेलाल पाल (65) रात में दुकान के बाहर बने पक्के चबूतरे पर सो रहे थे। पीड़ित अच्छेलाल के अनुसार देर रात चार अज्ञात बदमाश उनके पास पहुंचे और उसे आवाज न करने की बात कहते हुये दुकान की चाभी मांगी।
अच्छेलाल द्वारा मना करने पर बदमाशों ने कुल्हाड़ी से उन पर वार कर दिया, जिसे वह लहूलुहान हो गये। अच्छेलाल ने साहस दिखाते हुये शोर मचाया। शोर सुनकर जब तक ग्रामीण पहुंचते, तब तक बदमाश भाग निकले। ग्रामीणों और परिवारीजनों ने घायल अच्छेलाल को सीएचसी खीरों पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानेदार अनिल सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है।