पिता का आरोप है कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की। उल्टे पीड़िता की कहीं शादी करने की सलाह दी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि जल्द वह इस मामले में पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत करेगा। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी 6 दिसंबर की शाम चचेरी बहन के साथ खेत गई थी।
खेत से तीन युवकों ने उसकी बेटी का अपहरण कर लिया। घर पहुंची चचेरी बहन ने परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी। इस पर परिवारीजनों ने ग्रामीणों के साथ अगवा किशोरी की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
7 दिसंबर को वह घायल अवस्था में गांव के बाहर मिली। किशोरी ने परिवारीजनों को बताया कि उसे एक चार पहिया वाहन पर बैठाकर एक एकांत स्थान पर ले गए और तीनों ने उसके साथ दुराचार किया।
इसके बाद घायल अवस्था में उसे गांव के बाहर छोड़ गए। मंगलवार को पीड़िता परिवारीजनों के साथ कोतवाली पहुंची। पीड़ित ने एक गांव के युवक समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस ने परिवारीजनों से यह कहकर वापस कर दिया गया कि रिपोर्ट के चक्कर में मत पड़ो। इसकी शादी कर दो। बुधवार को फिर भुक्तभोगी रिपोर्ट लिखाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने अनसुना कर दिया।
कोतवाल ओपी यादव ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी। एसपी श्रीकांत सिंह का कहना है कि अपहरण कर युवती के साथ गैंगरेप किए जाने की घटना की जानकारी नहीं है।
इस मामले को दिखवाएंगे और जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराएंगे। साथ ही इसकी जांच भी कराई जाएगी कि तहरीर के बावजूद पुलिस ने मामले में कार्रवाई क्यों नहीं की।