डलमऊ में होमवर्क पूरा न करने पर शिक्षक ने एक छात्रा और छात्र की लोहे की पटरी से पिटाई कर दी। पिटाई से दहशत में आए बच्चों ने स्कूल जाने से इंकार कर दिया।
मंगलवार को किसी तरह अभिभावक बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचे तो उनका पिटाई करने वाले शिक्षक से विवाद हो गया। इससे गुस्साए एक अभिभावक ने शिक्षक को तमाचा जड़ दिया। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई।
विवाद की सूचना पर स्कूल के बाहर लोगों का मजमा लग गया। बाद में स्कूल प्रबंधन के हस्तक्षेप पर मामला शांत हो सका। उधर, एसडीएम डलमऊ राम अक्षय वर का कहना है कि शिकायत मिली तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सरायं दिलावर निवासी संतोष भारती की बेटी प्रियांशी और शंकर नगर मुराईबाग निवासी शिवशरण श्रीवास्तव का बेटा अरमान श्रीवास्तव काशी ब्राइट पब्लिक स्कूल मुराईबाग में पढ़ते हैं।
प्रियांशी कक्षा तीन और अरमान कक्षा पांच में पढ़ता है। होमवर्क पूरा न होने पर सोमवार को शिक्षक हर्षित ने प्रियांशी और अरमान की लोहे की पटरी से पिटाई कर दी थी।
प्रियांशी को पीठ और अरमान के हाथ में चोट आई। पिटाई से दहशत में आए बच्चे मंगलवार को स्कूल जाने को तैयार नहीं हुए। इस पर छात्रा और छात्र के पिता अन्य लोगों के साथ स्कूल पहुंचे।
इस दौरान शिक्षक और अभिभावकों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान छात्रा के पिता ने शिक्षक को तमाचा जड़ दिया। बवाल बढ़ने पर प्रबंधक गौरव शुक्ला पहुंचे। उन्होंने मामला शांत कराया।
छात्र और छात्रा के पिता ने बताया कि शिक्षक ने ऐसे पहले भी कई बच्चों की पिटाई की। जिसके चलते वह स्कूल नहीं आ रहे हैं। होमवर्क करने पर बेरहमी से पिटाई की जाती है।
अभिभावकों ने कहा कि रिपोर्ट लिखाई जाएगी। कोतवाल ओपी यादव का कहना है कि जानकारी नहीं है। तहरीर मिली तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।