जिले में सपा के दो गुटों के बीच रार बढ़ती ही जा रही है। सोमवार को मंत्री के भाई अनुराग पांडेय और बछरावां विधायक रामलाल अकेला के बेटे विक्रांत अकेला आमने-सामने आ गए। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में दोनों गुट भिड़ गए।
इस दौरान गालीगलौज के साथ ही हंगामा हुआ। जानमाल की धमकी दी गई। दोनों पक्षों से सदर कोतवाली में एक-दूसरे के खिलाफ गालीगलौज, जान से मारने की धमकी देने आदि की तहरीर दी गई है।
जगतपुर के पूरे भीख निवासी दिनेश अवस्थी ने तहरीर में कहा कि सुबह डीएम-एसपी को ज्ञापन देकर घर जा रहा था, तभी सिविल लाइंस के पास गांव का भूपेंद्र सिंह मिला।
उसने कहा कि पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में तुम्हें एक आदमी से मिलवा दें, जो तुम्हारी मदद कर सकते हैं। गेस्ट हाउस पहुंचा तो वहां पर दो गाड़ी खड़ी थीं। यह देख वह चौकन्ना हो गया।
उसने परिवार के सदस्य सुशील अवस्थी से कहा कि अनुराग पांडेय को जाकर बता दो, नहीं हमारी हत्या हो जाएगी। इतने में भूपेंद्र सिंह, रिंकू दुबे, श्याम सोनकर मेरे अलावा पत्नी, बच्चों का हाथ पकड़कर गेस्ट हाउस के अंदर ले गए, जहां पर विक्रांत ने सिर पर पिस्तौल लगा दी।
पत्नी के साथ अभद्रता की। इसी बीच अनुराग पहुंचे और उन्होंने हम सबको बाहर निकाला। इसके बाद विक्रांत अपने एक दर्जन साथियों के साथ असलहा लहराते हुए गाड़ियों से भाग गया।
गांव से ज्ञापन देने वालों में शिवबरन पासी निवासी पूरे भीख ने बीचबचाव करने का प्रयास किया था, जिस पर अमित मिश्रा निवासी सुपर मार्केट, सत्यम तिवारी ने शिवबरन के साथ न सिर्फ गालीगलौज की, बल्कि हत्या करने की भी धमकी दी।
उधर, मिल एरिया के छजलापुर निवासी विक्रांत अकेला ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में बैठा था। इसी बीच अनुराग पांडेय निवासी इंदिरानगर, दिनेश अवस्थी निवासी भीख जगतपुर व 40-50 लोगों के साथ आए।
गालीगलौज और मारपीट की। इसके बाद जानमाल की धमकी देते हुए भाग गए। एसपी मोहित गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। मामले की जांच सीओ सदर सत्यपाल सिंह को सौंपी गई है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई होगी।