लालगंज के ऐहार गांव के बाल्हेश्वर मंदिर परिसर स्थित तालाब में सोमवार की सुबह एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना के काफी देर बाद पुलिस व फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
सभी ने मिलकर पुलिस की पिटाई कर दी, वहीं फायर ब्रिगेड के जवानों पर पथराव किया और गाड़ी तोड़ दी। फायर ब्रिगेड जवानों को चोटें आईं हैं। काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
बड़ी संख्या में पुलिस बल बुलाए जाने के बाद माहौल शांत हुआ, लेकिन लोगों में गुस्सा बरकरार है। देर शाम खबर लिखे जाने तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
पुलिस का कहना है कि डूबने वाला युवक किसी स्कूल का छात्र है, क्योंकि वह स्कूल ड्रेस पहने था। सावन के सोमवार को युवक अपने दोस्तों के साथ बाल्हेश्वर मंदिर में दर्शन करने आया था।
यहां सभी मंदिर स्थित तालाब में नहाने लगे। इसी बीच एक युवक का पैर अचानक फिसल गया और वह गहराई में डूबने लगा। युवक को डूबता देख उसके साथी भाग खड़े हुए।
कुछ देर बाद जब लोगों ने उसका हाथ देखा तो पता चला कि कोई तालाब में डूब रहा है। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी।
मेले में मौजूद एक दरोगा से युवक को खोजने को लेकर घटनास्थल पर मौजूद लोगों से झड़प हो गई। जब तक घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड पहुंचती, तब तक लोगों ने खुद ही युवक को खोजकर बाहर निकाल लिया था।
सूचना के दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर आक्रोशित लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुलिस को तो पीटा ही, फायर ब्रिगेड पर पथराव कर दिया, जिससे फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और जवानों को चोटें आईं।
गुस्साई भीड़ ने पुलिस वालों को खदेड़कर पास के आश्रम में कुछ देर तक बंद रखा, लेकिन बाद में छोड़ दिया। युवक को फायर ब्रिगेड की गाड़ी से सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीओ रामअर्ज ने घटनास्थल का जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि सोमवार के दिन मेला होने के कारण बड़ी तादाद में आसपास के लोग व बच्चे आए थे। युवक स्कूल ड्रेस पहने था। उसकी पहचान स्कूलों में कराई जा रही है।