रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर में मंगलवार की देर शाम हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दवा कंपनी के एरिया मैनेजर की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब मैनेजर किराए का मकान देखने गया था। इसी बीच मकान से गुजरे तार से वह करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद हड़कंप मच गया। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
लखनऊ जिले के एलडीए कॉलोनी का रहने वाला राजेंदर सिंह (32) यहां पर मैनकाइंड दवा कंपनी का यहां पर एरिया मैनेजर था। बताते हैं कि शहर के राना नगर के रहने वाले अपने दोस्त मनीष के साथ राजेंदर सर्वोदय नगर किराए का मकान देखने गया था।
मकान की दूसरी मंजिल पर चढ़कर कमरा देख रहा था। मकान के ऊपर से बिजली की हाईटेंशन लाइन गुजरी थी। बताते हैं कि इसी दौरान राजेंदर का हाथ बिजली के तार में छू गया। इससे वह करंट की चपेट में आ गया और जमीन पर गिर पड़ा।
आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। साथी मनीष ने बताया कि राजेंदर किराए का मकान देखने गया था। इसी दौरान करंट लग गया। उसका परिवार लखनऊ में रहता है। परिवारीजनों को घटना की सूचना दी गई है। कार्यवाहक थानेदार यदुनाथ यादव का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। घटना की जांच कराई जा रही है।