रायबरेली में दो गुटों के बीच जमकर चले लात-घूंसे
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइंस स्थित एक होटल के पास गुरुवार को दो गुटों में फिल्मी अंदाज में मारपीट हुई। लात-घूंसे के अलावा ईंट चले। आसपास के लोगों ने पहुंचकर किसी तरह मामला शांत कराया। सिविल लाइंस होटल के पास एक कार्यक्रम चल रहा था।
इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दो गुटों के लोग पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। एक दूसरे पर लात-घूंसे चलाए गए। ईंटें फेंककर मारी गई।
मारपीट होते देख आसपास के लोग पहुंचे और दोनों गुटों को किसी तरह शांत कराया। दोनों गुटों में फिल्मी अंदाज में मारपीट हुई, लेकिन सदर कोतवाल को इस घटना की जानकारी नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि विवाद करने वालों में कुछ आपराधिक किस्म के लोग शामिल थे।
सदर कोतवाल सुधीर चंद्र पांडेय का कहना है कि मारपीट की जानकारी नहीं है। कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी।