सिंचाई विभाग के आवासीय परिसर में गुरुवार देर शाम जिला पंचायत सदस्य और उसके साथियों की दबंगई दिखी। रजबहा में कराए गए मरम्मत कार्य के भुगतान में देरी पर जेई को जमकर पीटा गया और असलहा तानकर जानमाल की धमकी दी गई।
इस कदर जेई को पीटा कि उसके दांत टूट गए। इस घटना से अफरातफरी मच गई। एक्सईएन के साथ अन्य अफसर सदर कोतवाली पहुंचे। तहरीर पर जिला पंचायत सदस्य और उसके तीन साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में घटना को लेकर नाराजगी है। पुलिस जांच करके गिरफ्तारी करने का दावा कर रही है। शारदा सहायक खंड दक्षिणी में तैनात जेई पीसी कुशवाहा देर शाम सहायक अभियंता पीके खन्ना के आवास पर बैठकर विभागीय कार्य निपटा रहा था।
इसी दौरान एक रजबहा में मरम्मत का कार्य कराने वाला ठेकेदार बबलू वहां पहुंच गया। ठेकेदार जगतपुर रजबहा में कराए गए कार्यों के भुगतान करने की बात कहने लगा। दोनों में बातचीत चल रही रही थी कि इसी बीच जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र यादव अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ वहां पर पहुंच गया।
चारों ने जेई की पिटाई कर दी। पिटाई से जेई के दांत टूट गए। यही नहीं कनपटी पर असलहा तान दिया और जान से मारने की धमकी दी। चीख पुकार पर आसपास कॉलोनियों में रहने वाले अफसर, कर्मचारी और उनके परिवारीजन एकत्र होने लगे। लोगों को इकट्ठा होता देख हमलावर असलहा लहराते हुए साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर अधिशासी अभियंता सिद्धार्थ कुमार पहुंचे और घायल जेई को लेकर कोतवाली गए। सदर कोतवाल सुधीरचंद्र पांडेय ने बताया कि जेई पीसी कुशवाहा की तहरीर पर मुंशीगंज निवासी एवं जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र यादव और उसके तीन साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द हमलावरों को जेल भेजा जाएगा। गुंडागर्दी किसी की बर्दाश्त नहीं की जाएगी।