बछरावां थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने फर्राटा भर रही एक लालबत्ती व हूटर लगी कार को पकड़कर सीज कर दिया। पुलिस कार चालक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
हिरासत में लिया गया युवक लखनऊ जिले का रहने वाला है। पुलिस के शिकंजे में आने पर युवक ने खुद को राजा भिनगा श्रावस्ती का चालक बताया।
एसपी श्रीकांत का कहना है कि युवक नौकरी के नाम पर लोगों से ठगी करता है। उसके पास से वॉकीटॉकी मिली है, जो पुलिस विभाग का नहीं है।
कन्नावॉ गांव के निकट लालबत्ती लगी कार यूपी 32 एम 9354 फर्राटा भर रही थी। ग्रामीणों ने लालबत्ती लगी गाड़ी की सूचना पुलिस को दी।
हरकत में आई पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को कब्जे में ले लिया। पुलिस गाड़ी चला रहे अजय कुमार को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
पुलिस के मुताबिक अजय लखनऊ जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के कलंदरखेड़ा का रहने वाला है। कार के पेपर न मिलने पर गाड़ी को सीज कर दिया।
साथ ही अन्य जानकारियों के लिए युवक से पूछताछ कर रही है। गाड़ी के आगे वाले हिस्से में नंबर प्लेट पर जिलाध्यक्ष भिनगा जनपद श्रावस्ती लिखा हुआ है।
एसपी श्रीकांत का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच कराई जा रही है। वह अपने आप को राजा भिनगा श्रावस्ती का चालक बता रहा है।
इसकी भी जांच कराई जा रही है। युवक नौकरी के नाम पर ठगी करता है। बछरावां थानेदार आरके मिश्रा ने बताया की कार को सीज कर दिया गया है।
कार पर लालबत्ती व हूटर लगा है। युवक बार-बार बयान बदल रहा है। कभी खुद की गाड़ी तो कभी दूसरे की गाड़ी बता रहा है।
एसपी के आदेश पर गहराई से जांच की जा रही है। वहीं राजा भिनगा चंद्रमणिकांत सिंह का कहना है कि उनके पास कोई चालक नहीं है। वह स्वयं गाड़ी चलाते हैं।