फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाराती को गोली मारी, लाखों के गहने लूटे

Thu, 11 Jun 2015 12:17 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/रायबरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
भदोखर क्षेत्र में शंकरगंज चौराहा पर बुधवार रात ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करते पहुंचे डकैतों ने बारातियों पर हमला बोल दिया। विरोध करने पर एक बाराती को गोलियां मार दीं, जबकि लाठियों से पीट-पीटकर दूल्हे के भाई के पैर तोड़ दिए। डकैत शादी में दुल्हन के चढ़ावे के लिए लाए गए करीब चार लाख रुपये कीमत के जेवर लूटकर भाग गए। वारदात से सहमे शंकरगंज चौराहा के व्यापारी दुकानें बंद करके भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। देर रात तक इस मामले में तहरीर नहीं दी गई थी।
विज्ञापन

भदोखर थाना क्षेत्र के धिंगरिया गांव निवासी रामकुमार के भाई देशराज की शादी जगतपुर थाना क्षेत्र के टिकठा मुसल्लेपुर गांव से तय हुई थी। बुधवार को बारात जा रही थी। दूल्हे की गाड़ी तो निकल गई, लेकिन शंकरगंज चौराहा के पास तीन बाइकों पर सवार आठ बदमाशों ने बारातियों से भरी दो जीपें रुकवा लीं। गाड़ियां रुकते ही बदमाश ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करने लगे। बाराती बुद्धिलाल ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे दो गोलियां मार दीं। एक उसके हाथ में और दूसरी सीने के पास लगी। इससे बुद्धिलाल सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। दूल्हे का भाई रामकुमार शोर मचाने लगा तो डकैतों ने उसे लाठियों से इस कदर पीटा कि उसके दोनों पैर टूट गए। घटना से दोनों जीपों में सवार सभी 14 बाराती बुरी तरह से सहम गए। वहीं, आसपास के लोग दुकानें बंद करके भागने लगे। इसी दौरान डकैतों ने बारातियों की जीप में रखा दुल्हन के चढ़ावे के सामान का बक्सा खुलवाया और उसमें रखे करीब चार लाख रुपये कीमत के गहने लूटकर भाग गए। आसपास के लोगों ने थाने पर फोन करके वारदात की खबर दी। इस पर कुछ देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल रामकुमार ने बताया कि गाड़ी पर दुल्हन के चढ़ावे के करीब चार लाख रुपये कीमत के गहने रखे थे, तो कि बदमाश लूट ले गए। उसकी अंगूठी भी लूट ले गए। इस बारे में एएसपी राममूरत यादव का कहना है कि घटना की जानकारी हुई है। एसआे का कहना है कि चालक से विवाद हुआ था। उसने घर मालिक को फोन कर दिया जिस पर लोग आए और मारपीट हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें