डीह थाने की परशदेपुर चौकी क्षेत्र में सोमवार को एक वनरक्षक के लकड़ी कटान का विरोध करने पर ठेकेदारों ने उसकी पिटाई कर दी। उसने तहरीर चौकी में दे दी है। पुलिस केस दर्जकर ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रही है।
चौकी क्षेत्र के टंटापुर गांव में ठेकेदार अवैध रूप से पेड़ कटवा रहे थे। इसकी सूचना वनरक्षक प्रदीप सिंह को मिली तो वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पेड़ कटान बंद करा दी। वनरक्षक ने श्रमिकों से आरा, कुल्हाड़ी छीन लिया।
जैसे ही वनरक्षक जाने लगा, तभी तीन लकड़ी ठेकेदार पहुंच गए। इस दौरान वनरक्षक और ठेकेदारों के बीच कहासुनी होने लगी। बताते हैं कि ठेकेदारों ने वनरक्षक का कॉलर पकड़ लिया। विरोध करने पर ठेकेदारों ने उसकी पिटाई कर दी।
किसी तरह वहां से जान बचाकर वनरक्षक भागकर परशदेपुर चौकी पहुंचा। चौकी इंचार्ज यादुवेंद्र सिंह ने बताया कि वनरक्षक ने सुनीत सिंह निवासी निनावां, रामेश्वर निवासी बछवल खुर्द और बाबूलाल निवासी परशदेपुर थाना डीह के खिलाफ तहरीर दी है।
तीनों लकड़ी ठेकेदार हैं। जांच की जा रही है। रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी। उधर, डीएफओ ओपी सिंह का कहना है कि पेड़ कटान की सूचना पर वनरक्षक गांव पहुंचा था, जहां पर उसके साथ मारपीट की सूचना मिली है। इस मामले में सख्त कार्रवाई के लिए एसपी से बात की जाएगी।