जिले में गुरुवार को हुई बालिका से रेप के प्रयास के चर्चित मामले में मां की तहरीर पर आरोपी सिपाही को शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं मामले को दबाने में जुटे रहे अटौरा चौकी इंचार्ज पर भी गाज गिरी। पुलिस कप्तान विनय यादव ने चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है।
गुरुबक्शगंज थाने की अटौरा चौकी क्षेत्र में गुरुवार को लालगंज कोतवाली में तैनात सिपाही अशोक सिंह डायल-100 के प्रशिक्षण से वापस जा रहा था। इसी दौरान जंगल में अन्य लड़कों के साथ जानवर चरा रही बालिका के पास पहुंचा।
सिपाही ने लड़कों को मारपीट कर भगा दिया। इसके बाद उसने बालिका से दुराचार की कोशिश की। यही नहीं, उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया। सिपाही की इस हरकत से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा था।
ग्रामीणों ने पहले अटौरा चौकी का घेराव किया और फिर रायबरेली-लालगंज मार्ग जाम कर दिया था। सूचना पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने लोगों को समझाने बुझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोक भी हुई।
पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी सिपाही को हिरासत में लिया, तब लोग शांत हुए थे। एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया है। शुक्रवार को आरोपी सिपाही को निलंबित करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।